पलियाकलां। पलिया तहसील परिसर में जनगणना कार्यालय का विधिवत शुभारंभ हो गया है। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के लिए तहसीलदार ज्योति वर्मा को चार्ज अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जनगणना कार्य को तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने के लिए आदित्य मिश्र और लावण्य गंगवार को जनगणना सेल प्रभारी एवं फील्ड ट्रेनर नियुक्त किया गया है। यह टीम फील्ड पर उतरने वाले प्रगणकों को प्रशिक्षित करने के साथ-साथ डेटा फीडिंग की बारीकियों पर नजर रखेगी। जनगणना की प्रक्रिया को डिजिटल मोड पर ले जाने की तैयारी है। इसमें फील्ड पर प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर डेटा जुटाया जाएगा। तय कार्यक्रम के अनुसार 20 अप्रैल से सुपरवाइजरों और प्रगणकों के प्रशिक्षण का दौर शुरू हो जाएगा। इसके बाद 2 से 21 मई तक जनगणना का प्रथम चरण शुरू होगा। इसके अंतर्गत हाउस लिस्टिंग यानी मकान सूचीकरण का कार्य किया जाएगा। डिजिटल इंडिया की दिशा में कदम बढ़ाते हुए इस बार जनगणना ऑनलाइन पोर्टल का भी उपयोग होगा। तहसीलदार ज्योति वर्मा ने बताया कि जनगणना कार्य की शुद्धता और समय सीमा का विशेष ध्यान रखा जाएगा ताकि क्षेत्र का कोई भी परिवार इस सूची से वंचित न रहे।