विकास भवन में कुछ दिन पूर्व हुई पुताई-सफाई के बाद फिर से गंदगी फैल गई है, जिसको लेकर सीडीओ नितीश कुमार ने गंभीर रुख अपनाया है। उन्होंने समस्त विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यक्तिगत तौर पर पत्र जारी किया है, जिसमें उन्होंने विभागीय अधिकारियों को कार्यालय के सामने पांच पौधे युक्त गमले रखवाने के निर्देश देते हुए सफाई रखने की अपील की है।
बता दें कि विकास भवन में दर्जन भर से अधिक विभागों के कार्यालय हैं। सफाई को लेकर पूरे देश में मुहिम छिड़ चुकी है, लेकिन इसके बावजूद विकास भवन परिसर गंदगी का शिकार बना हुआ है। सीढ़ियों से लेकर परिसर में पान-पुड़िया खाकर लोग थूक रहे हैं। कुछ साल पहले कार्यालयों के बाहर रखवाए गए गमले भी देखभाल न होने से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसका संज्ञान लेते हुए सीडीओ नितीश कुमार ने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को पत्र जारी किया हैै। उन्होंने कहा है कि विकास भवन में किसी प्रकार की गंदगी न तो स्वयं करें और न ही आने वाले लोगों को करने दें। उनका कहना है कि विकास भवन को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए समस्त अधिकारी अपने कार्यालय के सामने पांच नए गमले रखवाकर उचित देखभाल करें। साथ ही समस्त अनुभागों के कार्यरत कर्मचारियों को कहा है कि कम से कम गमला लाकर स्वयं उचित देखभाल करें।
मुख्य विकास अधिकारी नितीश कुमार ने कहा कि सबसे अधिक समय कार्यस्थल पर ही बीतता है। लिहाजा गंदगी होने से हमारे स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ता है। इसलिए लोगों का दायित्व है कि हम अपने कार्यस्थल (विकास भवन) को अधिक से अधिक स्वच्छ एवं सुंदर रखने का प्रयास करें।