विकास भवन का निरीक्षण, गंदगी देखकर दी कर्मचारियों को चेतावनी
सीडीओ अमित बंसल ने शुक्रवार सुबह अचानक विकास भवन के विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। कई कार्यालयों में गंदगी देखकर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अभिलेखों के रखरखाव पर भी असंतोष जताया। विकास भवन में अलग-अलग काम से आए लोगों से उन्होंने बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनकर निराकरण की कोशिश की।
सीडीओ अमित बंसल ने विकास भवन की सीढ़ियों और खिड़कियों पर पान की पीक देख कर कड़ी नाराजगी जताई। कई कार्यालयों में गंदगी दिखाई पड़ी तो उन्होंने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि सफाई व्यवस्था में सुधार लाएं। यदि कोई भी कर्मचारी पान या गुटका थूकते पाया गया तो उस पर जुर्माना किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास भवन में किसी भी तरह की गंदगी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जब वह समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय पहुंचे तो सामने एक दिव्यांग को देखकर उससे समस्या पूछी। उन्होंने उसकी समस्या का निराकरण तुरंत कराने का आश्वासन देते हुए समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिया कि उसे व्हीलचेयर दी जाए। वहां खड़ी महिलाओं से बात कर उनकी समस्याएं जानीं।
अधिकतर कार्यालयों में अभिलेखों का रखरखाव ठीक न मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी दी कि अभिलेखों का रखरखाव दुरुस्त करें। भविष्य में निरीक्षण के दौरान यदि सुधार न मिला तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कुंभी और बाकेगंज का सीडीओ करेंगे निरीक्षण
लखीमपुर खीरी। सीडीओ अमित बंसल ने बताया कि वह 16 मई को पूर्वाह्न 11.30 बजे ब्लाक बाकेगंज का निरीक्षण करेंगे। उसी दिन अपराह्न एक बजे से कुंभी ब्लाक का निरीक्षण करेंगे। वह ब्लाक गोला में वर्ष 2015-16 में चयनित समग्र ग्राम बगहा में कराए गए विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण, सत्यापन करने के साथ गांव में चौपाल लगाकर ग्रामवासियों की समस्याओं का निराकरण करेंगे। अपराह्न तीन बजे से सीडीओ ब्लाक कार्यालय बाकेगंज का निरीक्षण करेंगे।