- अस्पताल रोड पर लगने लगा जाम, लोगों को हो रही है परेशानी
शहर की जेल रोड का निर्माण अभी हाल ही में हुआ है। इस सड़क के दोनों तरफ बने फुटपाथ इस सड़क की खूबसूरती में चार चांद लगाते हैं, लेकिन लेकिन सड़क अभी पूरी तरह बनकर तैयार भी नहीं हो पाई और लोगों ने फुटपाथों पर कब्जा करना शुरू कर दिया। नगर पालिका और जिला प्रशासन की लापरवाही से इस फुटपाथ पर अभी से बाजार सजने शुरू हो गए हैं। फल बेचने वालों से लेकर पान पुड़िया बेचने वाले लोगों ने अपनी दुकानें सजा ली हैं। इतना ही नहीं प्राइवेट एंबुुलेंस वाले लोग भी इन फुटपाथों के ऊपर एंबुलेंस खड़ी करते हैं। इससे इस सड़क पर जाम लगने लगा है।
बताते चलें कि काफी समय से टूटी पड़ी जेल रोड का इसी महीने निर्माण किया गया। हाट मिक्स सड़क और उसके दोनों तरफ लगभग एक फुट ऊंचे फुटपाथ रंगीन आकर्षक टाइल लगाकर तैयार किए गए हैं। इन फुटपाथों की वजह से ही इस सड़क ने शहर की सबसे खूबसूरत सड़क का दर्जा प्राप्त किया है, लेकिन सड़क अभी पूरी तरह से बन भी नहीं पाई कि लोगों ने इस पर कब्जा करना शुरू कर दिया। यह सड़क जेल रोड से आगे अस्पताल की तरफ जाती है सड़क के पूरब महिला और पश्चिम जिला अस्पताल है। इसलिए मौके को देखते हुए इन फुटपाथों पर पान पुड़िया चाय और बिस्टिक आदि बेचने वालों ने कब्जा कर लिया। हालांकि अस्पताल के बाहर एंबुलेंस खड़ी करने की समस्या काफी पुरानी है लेकिन हद तब हो गई जब एंबुलेंस वाले इन फुटपाथों पर चढ़ाकर एबुंलेंस खड़ी करने लगे। इतना ही नहीं तमाम लोग पार्किंग की तरह इस सड़क के दोनों तरफ अपनी कारें खड़ी कर देते हैं।
होने लगी जाम की स्थिति
इस सड़क के दोनों तरफ महिला और जिला अस्पताल है अक्सर इस सड़क पर लोग अपने गंभीर मरीजों को लेकर आते हैं इस लिए इस सड़क पर जाम लगना मरीजों की जान पर भी भारी पड़ सकता है। दोनों तरफ एंबुलेंस और फुटपाथों पर सजी दुकानों से दबाव सड़क पर बढ़ता है और सड़क पर जाम लगता है। यदि इस स्थिति को शीघ्र ही सही नहीं किया गया तो आगे बड़ी समस्या हो सकती है।
हटवाया जाएगा अतिक्रमण
इस संबंध में नगर पालिका के ईओ अवनेंद्र कुमार ने बताया कि सबसे बड़ी दिक्कत सड़क के दोनों तरफ खड़ी होने वाली एंबुुलेंस हैं सीएमओ को उन्हें हटवाना चाहिए। रही बात अतिक्रमण की तो वे बाहर हैं वापस लौटते ही फुटपाथों पर लगे दुकानदारों को हटवाएंगे।
वाहन हटवाना पुलिस की ड्यूटी
सीएमओ डा. अरुण कुमार ने बताया कि सड़क के दोनों तरफ अस्पताल होने के कारण यहां वाहन खड़े ही नहीं होने चाहिए, बाहर खड़ी होने वाली कोई भी एंबुलेंस सरकारी नहीं है ऐसे लोगों को पुलिस को हटाना चाहिए।