लखीमपुर खीरी। सीडीओ ने सोमवार को कोविड कंट्रोल रूम पहुंचकर संक्रमित मरीजों से फोन पर बात कर उनका हाल चाल जाना। इसके बाद कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर मरीजों से बात करने वाली टीमों की संख्या और कांट्रैक्ट ट्रेसिंग बढ़ाने के निर्देश दिए।
जिले में कोरोना के मामले निरंतर बढ़ रहे हैं। सोमवार को सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने कोविड कंट्रोल रूम पहुंचकर कोरोना से बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग की तैयारियां, कंट्रोल रूम के संचालन और उसके अंतर्गत हो रहे बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। सीडीओ ने होम आइसोलेट मरीजों से स्वयं बात कर दवा (मेडिसिन किट) मिलने एवं कंट्रोल रूम से फोन आने के बाबत जानकारी ली। बातचीत के दौरान उन्होंने संक्रमितों से ऑक्सीजन लेवल जानकर दवाओं का नियमित सेवन करने को कहा। सीडीओ ने सोमवार को पॉजिटिव मिले 262 लोगों को फोन करने और रैपिड रिस्पांस टीम के भ्रमण की प्रगति जानी। उधर, सीडीओ ने कर्मचारियों को सतर्कता व सावधानी पूर्वक पूर्ण निष्ठा व ईमानदारी से कार्य का निर्वहन करने की प्रेरणा दी। एसीएमओ डॉ. बीसी पंत, डॉ. अश्विनी कुमार आदि मौजूद रहे।
अपील- बढ़चढ़ कर कराएं टीकाकरण
सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने कोरोना से बचाव के लिए लोगों से टीकाकरण कराने की अपील की है। उन्होने कहा कि जिन लोगों ने अभी तक वैक्सीन नहीं लगवाई है या फिर दूसरी डोज नहीं लगवाई है। वे सभी लोग सीएचसी एवं पीएचसी पर जाकर टीकाकरण अवश्य करवा लें। वैक्सीन की दोनों खुराक लगवाने से कोरोना से बचा जा सकता है। किसी प्रकार की दिक्कत होने पर कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें।
05872-258221, 05872-258222, 05872-258223, 05872-258225, 7269039532, 7269039540, 7269039586, 7269039587