लखीमपुर खीरी। जिले में सीबीएसई की परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहले दिन मंगलवार को 10वीं की गणित विषय की परीक्षा होगी। जिले में 10 केंद्र बनाए गए हैं।
इस वर्ष 10वीं और 12वीं के कुल लगभग 7200 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें करीब 3200 छात्र-छात्राएं 10वीं तथा लगभग 4000 12वीं के हैं। परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक होगी। परीक्षार्थियों को सुबह 9 बजे से केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा, जबकि परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले प्रवेश बंद कर दिया जाएगा।
परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर वॉइस रिकॉर्डर युक्त सीसी कैमरों से निगरानी की जाएगी। सीटिंग प्लान तैयार कर केंद्रों को सुरक्षित कर दिया गया है।
परीक्षा केंद्र पर केवल पारदर्शी पाउच में एडमिट कार्ड, पेन, पेंसिल और पारदर्शी पानी की बोतल ले जाने की अनुमति होगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, ईयरफोन, कैलकुलेटर सहित किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पर प्रतिबंध रहेगा। नियम उल्लंघन करने पर परीक्षार्थी को परीक्षा से वंचित किया जा सकता है।
ये स्कूल बनाए गए हैं केंद्र
अजमानी इंटरनेशनल स्कूल लखीमपुर, सेंट डान बास्को लखीमपुर, ग्रीन फील्ड एकेडमी लखीमपुर, हरिमाया इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, दून इंटरनेशनल पलियाकलां, गोल्डन फ्लावर पब्लिक स्कूल पलियाकलां, एबलान पब्लिक स्कूल निघासन, सीनियर सेकेंडरी सेंट जान्स गोला गोकर्णनाथ, श्रीराजेंद्र गिरि मेमोरियल एकेडमी गोला गोकर्णनाथ व दून पब्लिक स्कूल मोहम्मदी।