सींग और नाखून सुरक्षित मिले, बीते अगस्त से अब तक पार्क में कुल 38 गैंडों की हो चुकी है मौत
धनगढ़ी (नेपाल)। नेपाल के प्रमुख चितवन राष्ट्रीय निकुंज पार्क में एक बार फिर लगभग 16 वर्षीय नर गैंडा का शव मिला है। यहां बता दें कि अगस्त से अब तक पार्क में कुल 38 गैंडों की मौत हो चुकी है, जिससे पार्क प्रशासन पर सवाल उठने लगे हैं। मृत गैंडे की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आनी अभी बाकी है।
चितवन राष्ट्रीय निकुंज पार्क के सूचनाधिकारी बाल कृष्ण खनाल ने बताया कि चितवन के भरतपुर के सिद्धि गणेश सामुदायिक वन क्षेत्र से करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर विजयनगर गणेश मंदिर जाने वाले मार्ग पर घास के मैदान में 16 वर्षीय नर गैंडे का शव बरामद हुआ है। उसके सींग और नाखून सुरक्षित मिले हैं, जबकि शव पर कोई भी चोट के जाहिरा निशान नहीं मिले हैं। गैंडे की मौत कैसे हुई है, इसका पता पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पार्क कर्मियों ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है।
बता दें कि बीते साल अगस्त से अब तक पार्क में कुल 38 गैंडों की मौत हो चुकी है। बीते माह गैंडा गणना के अनुसार नेपाल में 752 और चितवन राष्ट्रीय पार्क में 694 गैंडा मिले थे।