गांव कोल्हौरी में अजय कश्यप की मात के मामले में न्यायिक जांच पर अड़े परिजन। संवाद
भीरा/तिकुनिया। भीरा से दवा लेकर लौट रहे युवकों की कार मैलानी-भीरा मार्ग पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में चालक अजय कश्यप की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। पोस्टमाॅर्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों ने न्यायिक जांच की मांग को लेकर हंगामा किया।
थाना तिकुनिया क्षेत्र के गांव कोल्हौरी निवासी अजय कश्यप (21) पुत्र रामपाल कश्यप सोमवार को अपने चार साथियों के साथ दवा लेने भीरा आए थे। लौटते समय भीरा बैरियर से करीब एक किलोमीटर आगे उनकी कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में चालक अजय कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि साथ मौजूद चार अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं। सभी को सीएचसी बिजुआ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अजय को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
मंगलवार को पोस्टमाॅर्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। परिजन अजय की मौत की न्यायिक जांच कराने की मांग कर रहे थे और दुर्घटना पर संदेह जता रहे थे। सूचना पर सीओ निघासन शिवम कुमार और कोतवाली प्रभारी अवनीश कुमार मौके पर पहुंचे। मृतक की पत्नी कविता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद परिजन मान गए और अंतिम संस्कार कर दिया गया।
परिजनों के अनुसार ग्राम कोल्हौरी निवासी अजय कश्यप की इनोवा कार ग्राम चमनटांडा निवासी मनप्रीत सिंह और गंगानगर निवासी विक्रम सिंह ने भाड़े पर बुक की थी। दोनों सोमवार को रुद्रपुर जा रहे थे। रात करीब 8:30 बजे मनप्रीत को पिता की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली, तब वे पूरनपुर तक पहुंच चुके थे। सूचना मिलने पर लौटते समय मैलानी-भीरा जंगल के बीच हादसा हो गया। दुर्घटना में अजय की मौत हो गई, जबकि मनप्रीत सिंह और विक्रम सिंह बच गए। घटना की सूचना मनप्रीत सिंह ने भीरा पुलिस को दी।