गोला गोकर्णनाथ। मोहम्मदी मार्ग पर बाईपास चौराहे के पास उचक्कों ने बातों में उलझाकर एक वृद्ध की जेब से एक लाख रुपये निकाल लिए।
भारत भूषण कॉलोनी निवासी 65 वर्षीय रूपचंद वर्मा ने बताया कि वह अजान में मकान बनवा रहे हैं। शुक्रवार की दोपहर तहसील के पास से एक व्यक्ति से एक लाख रुपये लेकर वह अपने मकान पर जा रहे थे। मोहम्मदी मार्ग बाईपास चौराहे पर बाइक सवार कुछ लोग मिले और बातों में उलझाकर उन्हें अपनी बाइक पर बैठा लिया। इसी दौरान जेब में कट लगाकर रुपये निकाल लिए और कुछ दूर जाकर उन्हें बाइक से उतार दिया।
रूपचंद वर्मा ने परिवार वालों के साथ कोतवाली जाकर घटना की जानकारी दी। क्राइम इंस्पेक्टर रविंद्र पांडेय ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।