पलियाकलां। बाढ़ के पानी ने पलिया-भीरा मार्ग क्षतिग्रस्त कर दिया है। बसों का संचालन कई दिनों से बंद है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने मार्ग की मरम्मत में रुचि नहीं दिखाई तो पलिया बस यूनियन के पदाधिकारियों ने खुद ही काम शुरू कराया है। पूरे दिन बस यूनियन के पदाधिकारी कर्मचारियों के साथ लगे रहे और सड़क किनारे हुए गड्ढों में बोरियां डालकर भरवाते रहे।
इससे पूर्व बस यूनियन के पदाधिकारियों ने कोतवाल मनबोध तिवारी से वार्ता की। कहा कि सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण बसों का संचालन सोमवार को भी बंद रखा जाए और मंगलवार से बसों का संचालन शुरू किया जाए। यूनियन के पदाधिकारियों ने अतरिया के आगे पुलिया के पास जाकर स्थिति देखी।
इसके बाद यूनियन द्वारा अपनी तरफ से कर्मियों को लगाकर काम शुरू करा दिया है। इसके अलावा जहां से सड़क कटी है, वहां दोनों तरफ लाल झंडियों को लगाया गया है। ताकि हादसों से बचा जा सके। बस यूनियन के पदाधिकारियों का कहना है कि मंगलवार से पलिया-भीरा मार्ग पर प्रशासन की अनुमति के बाद बसों का संचालन शुरू किया जाएगा।