एमिटी विश्वविद्यालय में बीकॉम थर्ड ईयर का छात्र था प्रबल राजपूत
गोला गोकर्णनाथ। सर्राफा व्यापारी अभिषेक राजपूत के पुत्र प्रबल राजपूत की लखनऊ में संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
व्यापारी अभिषेक राजपूत ने बताया कि उनका 21 वर्षीय पुत्र प्रबल राजपूत लखनऊ के एमिटी विश्वविद्यालय में बीकॉम थर्ड ईयर का छात्र था। मंगलवार की सुबह 6:00 प्रबल राजपूत लखनऊ गया था। वह लखनऊ में विश्वविद्यालय के सामने एक फ्लैट में दोस्तों के साथ रहता था। मंगलवार की रात अभिषेक राजपूत की प्रबल राजपूत से फोन पर बात भी हुई थी।
बुधवार की सुबह उसके दोस्तों से लखनऊ कठौता झील में प्रबल की डूब कर मौत होने की सूचना मिली। लखनऊ जाने पर दोस्तों से पता चला कि वह सुबह पांच बजे दोस्तों के साथ मॉर्निंग वॉक पर गया था। झील में एक दोस्त का मोबाइल गिर गया, जिसे निकालने के प्रयास में प्रबल के साथ हादसा हो गया। घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। प्रबल अपने पिता अभिषेक राजपूत की तीन संतानों में दूसरे नंबर पर था। जवान बेटे की मौत से परिवार में मातम है। लखनऊ में प्रबल के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
द्वारिकागंज गांव में संदिग्ध हालात में युवक की मौत
गोला गोकर्णनाथ। द्वारिकागंज गांव स्थित अपनी ससुराल में डेढ़ महीने से रह रहे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ग्रामीणों ने बताया कि बरेली पश्चिमी फतेहगंज थाना के ग्राम सुतहइया निवासी 32 वर्षीय जसवंत द्वारिकागंज गांव निवासी दशरथ के यहां अपनी ससुराल में रह रहा था। मृतक की पत्नी साधना ने बताया कि मंगलवार की रात जसवंत शराब के नशे में नाराज होकर घर से चला गया। साथ में साधना भी उसे मनाने चली आई। जसवंत गांव के बाहर रोड के किनारे एक एग्रीकल्चर इंप्लीमेंट कारखाने की टिन शेड के नीचे कंबल ओढ़कर लेट गया। पत्नी साधना भी उसके साथ थी। सुबह तक जब वह नहीं उठा तो पत्नी साधना ने उसे जगाने का प्रयास किया तो जसवंत को उसने मृत पाया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिवारवालों को भी सूचना दे दी गई है। उधर, पुलिस का कहना है कि मृतक के शरीर पर चोट का कोई जाहिरा निशान नहीं मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर अगली कार्रवाई की जाएगी।