एसडीएम ने लोगों से खुद ही अतिक्रमण हटाने की अपील की
मितौली। मितौली तहसील मुख्यालय पर लोगों को अतिक्रमण से निजात दिलाने के लिए तहसील प्रशासन ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। सोमवार को एसडीएम विनीत कुमार उपाध्याय और तहसीलदार अमिता यादव की देखरेख में अभियान चलाया जाएगा। एसडीएम ने लोगों से खुद ही अतिक्रमण हटाने की अपील की है।
मितौली कस्बे में लखीमपुर-मैगलगंज रोड पर नवोदय मोड़, तहसील, ब्लॉक, मेला मैदान, सीओ कार्यालय, बड़ागांव तिराहा, अस्पताल रोड, प्राथमिक विद्यालय तिराहा आदि स्थानों पर काफी दिनों से अतिक्रमण है। इससे लोगों को परेशानी का सामान करना पड़ रहा है। एसडीएम विनीत कुमार उपाध्याय ने बताया है कि कई जगहों पर अतिक्रमण होने की शिकायतें मिली हैं। इसको ध्यान में रखते हुए सोमवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्य सड़क के दोनों ओर बने पक्के नाले के इस पार, अस्पताल रोड पर नालियों पर अतिक्रमण करने वाले और सड़क पर दुकानें सजाने वाले लोग सोमवार तक खुद ही अपना अतिक्रमण हटा लें। बताते चलें शनिवार को कस्बे में एसडीएम व तहसीलदार की अगुवाई में कई जगह पर जेसीबी से अतिक्रमण हटाया गया था। वहीं एसडीएम ने सभी से दो दिन के अंदर अपना अतिक्रमण खुद ही हटा लेने की अपील भी की थी।
आज इन जगहों से हटाया जाएगा अतिक्रमण
एसडीएम विवेक उपाध्याय ने बताया कि सोमवार को मैनहन मोड़, तहसील, ब्लॉक, खेल मैदान, थाना, बड़ागांव तिराहा, अस्पताल रोड, सीओ कार्यालय के बाहर के अतिक्रमण को हटाया जाएगा। इनके अलावा लखीमपुर-मैगलगंज मार्ग पर बने नाले को भी अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा।