अवैध अतिक्रमण पर चलाया बुलडोजर। संवाद
ओयल। कस्बे से निकले लखीमपुर-सीतापुर फोरलेन हाईवे किनारे सार्वजनिक भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए सोमवार को राजस्व विभाग और नगर पंचायत की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। इस दौरान कब्जेदारों ने हंगामा किया, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटा दिया गया।
नगर पंचायत ओयल क्षेत्र में किसान सेवा समिति के पास सार्वजनिक भूमि गाटा संख्या 568 पर किए गए कब्जे को हटाने के लिए अधिशासी अधिकारी ऋषिकेश वर्मा, नायब तहसीलदार सुनील कुमार, कानूनगो छोटे पांडे, लेखपाल अनुज मिश्र और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कार्रवाई शुरू होते ही कब्जेदार महिलाओं ने विरोध और हंगामा किया। इसके बावजूद संयुक्त टीम ने पुलिस की मौजूदगी में सब्जी मंडी स्थल पर किए गए अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाकर कब्जा हटा दिया।
बताया जा रहा है कि मंडी स्थल पर पिछले करीब 35 वर्षों से बिजली विभाग कर्मी कमलेश कुमार, अब्दुल समद और उनकी पत्नी (अंधे बुजुर्ग दंपति) तथा मेराज झुग्गी-झोपड़ी बनाकर रह रहे थे। अब्दुल समद के परिवार का आरोप है कि वे कई वर्षों से इस जमीन पर रह रहे हैं और मामला न्यायालय में विचाराधीन है, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी जा रही।
कांशीराम कॉलोनी में दिया जा रहा है आवास
अधिशासी अधिकारी ऋषिकेश वर्मा ने बताया कि कब्जेदारों की तीन बार कोर्ट में अपील खारिज हो चुकी है। वे सार्वजनिक भूमि पर अवैध रूप से रह रहे हैं। उन्हें कांशीराम कॉलोनी में आवास दिया जा रहा है, लेकिन वे वहां जाने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटने के बाद फोरलेन किनारे लगने वाली सब्जी मंडी को इस स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा।