बजट के अभाव में 4344 आवेदकों को नहीं मिल पाई मदद
इस वर्ष भी 9462 आवेदकों को नहीं मिल सका लाभ
लखीमपुर खीरी। शादी अनुदान योजना के तहत गरीबों की बिटिया के हाथ पीले करने के लिए सरकार द्वारा दी जाने वाली 20 हजार रुपये की मदद से हजारों आवेदकों को वंचित होना पड़ा है। बजट के अभाव में 4344 आवेदकों को निराशा हाथ लगी है, क्योंकि इनके आवेदन फार्म निरस्त कर दिए हैं। इस वर्ष भी 9462 लोगों ने आवेदन किया है, लेकिन अब तक किसी को भी लाभ नहीं मिल पाया है।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना पर कोविड महामारी के चलते रोक लगी है। ऐसे में सिर्फ शादी अनुदान योजना से ही आर्थिक मदद मिलने की उम्मीद है। 2020-21 में समाज कल्याण विभाग के पास 3436 अनुसूचित जाति और 1406 सामान्य वर्ग के लोगों ने आवेदन किया था। इसके सापेक्ष 332 अनुसूचित जाति और 166 सामान्य वर्ग के लोगों को लाभ मिल पाया। शेष 4344 आवेदनों को बजट के अभाव में निरस्त कर दिया। अब वह इस वर्ष दोबारा आवेदन भी नहीं कर सकते हैं। 2021-22 में अनुसूचित जाति के 2945 और सामान्य वर्ग के 917 लोगों ने आवेदन जमा किए हैं। वहीं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग में 3600 आवेदन जमा हुए हैं। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के पास भी 2000 आवेदन जमा हो चुके हैं, लेकिन एक भी आवेदन कर्ता को शादी अनुदान का लाभ नहीं मिला हैै। लोग दफ्तर के चक्कर काटने को विवश हैं। वहीं गांवों में सक्रिय दलाल आवेदकों को जल्द लाभ दिलाने के नाम पर वसूली कर रहे हैं।
पहले आओ पहले पाओ के आधार पर आवेदकों को लाभ दिया जाता है। पिछले वर्ष उपलब्ध बजट के सापेक्ष आवेदकों को लाभ दिया था, जिससे काफी आवेदक लाभ से वंचित रह गए थे। इस वर्ष भी 9462 आवेदन पत्र जमा हो चुके हैं। इन्हें लाभान्वित करने के लिए 22 जुलाई 2021 को बोर्ड की बैठक बुलाई गई है, जिसमें जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में निर्णय लिया जाएगा।
-वीरपाल, प्रभारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी/पिछड़ा वर्ग अधिकारी