- अतिकुपोषित बच्चों और गर्भवती महिलाओं का लिया हाल
- अढौला केंद्र मिला बंद, बहारगंज में वर्कर नदारत
हौसला पोषण मिशन के तहत बीएसए संजय शुक्ला ने बांकेगंज ब्लाक की न्याय पंचायत वजीर नगर के आधा दर्जन से अधिक पंचायतों के आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण कर अतिकुपोषित बच्चों और गर्भवती महिलाओं का हाल जाना। निरीक्षण में बहारगंज केंद्र पर आंगनबाड़ी वर्कर नदारद मिलने के साथ ही अढौला केंद्र बंद मिला।
शुक्रवार सवेरे बांकेगंज ब्लाक की चार पंचायतों वजीर नगर, बहारगंज, टिहुलिया और जलालपुर के आधा दर्जन से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों पर औचक निरीक्षण पर पहुंचे बीएसए ने कुपोषित, अतिकुपोषित बच्चों का हाल जानने के बाद उनका वजन लिया। इस दौरान उन्होंने संबधित केंद्रों पर वर्करों से बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए बनाए जाने भोजन और पौष्टिक आहार साफ-सफाई आदि का बारीकी से मुआयना किया। बीएसए ने बताया कि निरीक्षण में ग्राम पंचायत बहारगंज केंद्र पर आंगनबाड़ी वर्कर संतोष कुमारी नदारत मिली, इसके अलावा इसी पंचायत के मजरा अढ़ौला में वर्कर और सहायिका नदारत मिलने के साथ ही केंद्र बंद मिला। उन्होंने बताया केंद्रों की संबधित वर्करों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति भेजी गई है। इस मौके पर स्टेनो विजय कुमार, एबीआरसी डॉ. यूसुफ अली, मुकेश वर्मा, राजाराम वर्मा, पंकज, हेमराज, नीलम, मंजू, प्रमोद, संजीव मौजूद रहे।