बिजुआ में वर्षा, ओले गिरे, बाकी जगह बूंदाबांदी
बृहस्पतिवार रात में हुई हल्की बारिश के बाद भी लोगों को गर्मी से निजात नहीं मिल पाई है। रात में जिले के कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश के साथ ओले गिरे तो जिले के अधिकतर हिस्सों में बूंदाबादी भर हुई है। शुक्रवार को कड़ी धूप के बीच आसमान में बादल तैरते दिखाई दिए। दिन भर चली हवाओं ने कुछ राहत जरूर दी लेकिन कड़ी धूप और भीषण गर्मी से लोग बेहाल रहे।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 42.00 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.00 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बिजुआ में हल्की बारिश के साथ ओले गिरने की सूचना है जबकि शहर और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई है। इससे उमस बढ़ गई और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
गुलरिया। बिजुआ क्षेत्र में शुक्रवार सुबह तीन बजकर 50 मिनट पर बादलों की तेज गड़गड़ाहट के साथ तेज आंधी आई और इसी के साथ ओले गिरने शुरू हो गए। करीब पांच मिनट तक ओले गिरने के बाद वर्षा शुरू हो गई। तेज आंधी के चलते लोगों के छप्पर, टिन शेड आदि उड़ गए। कई जगह पेड़ भी गिर गए। पड़रिया तुला में सड़क किनारे लगी होर्डिंग उडकर दूर जा गिरीं। एक बिजली का पोल भी गिर गया। ओले गिरने से आम, तरबूज, खरबूजा, पिपरमिंट आदि फसलों को भारी नुकसान हुआ है जबकि अन्य फसलों को फायदा हुआ। बरसात हो जाने से लोगों को गर्मी से कुछ देर के लिए राहत जरूर मिली लेकिन बाद में उमस बढ़ने और कड़ी धूप होने से लोग फिर परेशान हुए।
मैलानी। तड़के हुई हल्की बारिश और आंधी से रात भर हुई चिपचिपी गर्मी से राहत मिली। शाम से ही तेज हवाएं चलने लगीं। रात करीब दस बजे कई बार तेज आंधी के झोंके आए। तड़के चार बजे मामूली बारिश ने मौसम को खुशगवार कर दिया। सुबह होते ही आसमान साफ हो गया और सूरज ने फिर आग बरसाना शुरू कर दिया।