लखीमपुर खीरी। महेवागंज के ग्राम मौलवीगंज में खरीदे गए खेत को जेसीबी से बराबर किया जा रहा था। इस दौरान जमीन से अचानक हड्डी और कपड़े निकले। इस बात की जानकारी होने पर लोगों ने विरोध जताया।
बताया जा रहा है कि खेत के समीप ही कब्रिस्तान स्थित है। सूचना पर पहुंची राजस्व और पुलिस की टीमों ने आक्रोशित लोगों को समझाया और पैमाइश पर रोक लगा दी है।
मौलवीगंज के समीप एक खेत मालिक ने एक व्यक्ति को जमीन बेची थी। जमीन खरीदने वाले ने रविवार को जगह बराबर कराने के लिए जेसीबी बुलाई। ग्रामीणों का आरोप है कि कब्रिस्तान की भूमि पर कब्जा करने की नीयत से मालिक ने जेसीबी से खुदाई शुरू की थी। नियत स्थान से करीब बीस फुट आगे आकर खुदाई की तो हड्डियां और कपड़े निकलने लगे।
सूचना मिलते ही एक विशेष समुदाय के लोग आक्रोशित हो उठे। आक्रोशित ग्रामीणों ने डायल 112 पर सूचना देकर कार्रवाई किए जाने की मांग की। पुलिस ने राजस्व टीम को भी जानकारी दी। सूचना पर तहसीलदार सुशील प्रताप सिंह के अलावा आसपास की पुलिस टीम पहुंची। लोगों को शांत कराते हुए दिवाली तक काम रुकवा दिया गया है।