लखीमपुर खीरी के थाना ईसानगर क्षेत्र के बीरसिंहपुर गांव में आठ वर्षीय बच्ची का शव बृहस्पतिवार सुबह घर के पास कुएं में मिला। मासूम बच्ची बुधवार दोपहर से लापता थी। उसके परिजन व पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। आशंका है कि बच्ची खेलते समय कुएं में गिर गई होगी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना से उसके परिवार में कोहराम मच गया।
गांव बीरसिंहपुर निवासी गिरजेश कुमार गुप्ता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि बुधवार सुबह करीब 11 बजे उनकी आठ वर्षीय आयुषी गुप्ता घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान वह अचानक कहीं लापता हो गई। काफी देर तक वापस न आने पर परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारी में तलाश की, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस को सूचना दी गई।
सीओ शमशेर बहादुर सिंह के नेतृत्व में थानाध्यक्ष निर्मल तिवारी सहित पुलिस ने बुधवार शाम से बच्ची की तलाश शुरू की। बृहस्पतिवार को सुबह बच्ची का शव घर के पास कुएं से बरामद हुआ। सीओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि आशंका है कि बच्ची खेलते समय कुएं में गिर गई होगी, जिससे उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमॉर्टम कराया गया है।