तिकुनिया। गांव रननगर में 10 वर्षीय बालिका नीतू निषाद का शव रविवार शाम घर के बाहर लगे शहतूत के पेड़ से संदिग्ध हालातों में लटकता मिला। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में बालिका की मौत फंदे पर लटकने से होने की पुष्टि हुई है।
रननगर निवासी दिवंगत कौशल कुमार की बेटी नीतू निषाद का शव रविवार शाम करीब 6:00 बजे घर के बाहर लगे शहतूत के पेड़ में रस्सी से लटकता मिला। सूचना बालिका के नाना राम विलास ने रात में ही पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर शव कोतवाली ले आई। सोमवार सुबह पोस्टमॉर्टम के लिए शव भेजने के लिए पंचनामा की तैयारी हो रही थी। इसी बीच एक संगठन के लोगों और बालिका के नाना राम विलास साहू ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। कहा कि रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पोस्टमाॅर्टम कराया जाए।
पुलिस ने कहा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में जो आएगा उसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। इसी बात को लेकर परिजनों व कोतवाल पुष्पराज कुशवाहा में नोकझोंक भी हुई। कोतवाली प्रभारी पुष्पराज कुशवाहा ने बताया पहले सूचना मिली की बालिका का पेड़ से लटकता शव मिला है। इसके बाद कुछ लोगों ने परिजनों को भड़काकर तहरीर दिला दी।
दादी के साथ रहकर पल रही थी बालिका
ग्राम रननगर में नीतू निषाद के पिता की वर्षों पहले मृत्यु हो जाने के कारण मां घर से कहीं चली गई थी। तब से नीतू निषाद अपनी दादी व अपने से बड़े दो भाइयों अजय और सुनील के साथ रह रही थी। भूमिहीन होने के चलते अजय और सुनील मजदूरी करते हैं। घटना के वक्त दोनों भाई घर पर नहीं थे। नीतू निषाद की मौत को लेकर पुलिस आत्महत्या बता रही है। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में भी फंदे पर लटकने से मौत होने की पुष्टि हुई है।
वर्जन
घटना संज्ञान में आई है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। रिपोर्ट में जो भी निकल कर आएगा उसी के हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संकल्प शर्मा, एसपी