लखीमपुर खीरी। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने 2021 में होने वाली बोर्ड परीक्षा वैश्विक महामारी कोरोना को देखते हुए कराने की तैयारी की हुई थी, जिसके मुताबिक एक छात्र के बैठने के लिए 36 वर्ग फीट की जगह निर्धारित थी, लेकिन कोरोना प्रतिरक्षक टीकाकरण शुरू होने के बाद इस दूरी को कम करके 25 वर्ग फीट कर दिया गया है। वहीं कक्षा नौ और 12वीं की पढ़ाई शुरू करा दी गई है।
मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश जायसवाल ने बताया कि कोरोना संक्रमण के मामले अब कम होने लगे हैं। इसलिए बोर्ड ने छात्रों को बैठाने के नियमों में आंशिक बदलाव किया है। एक परीक्षा केंद्र पर न्यूनतम छात्रों की संख्या पहले जहां 150 और अधिकतम 800 निर्धारित थी। इसे बढ़ाकर अब 250 और 1200 कर दिया गया है। इससे छात्रों को बैठाने में आसानी रहेगी।
ये हुआ बदलाव
1. दोनों पालियों में परीक्षार्थियों की न्यूनतम संख्या 150 और अधिकतम 800 थी, जिसे अब 250 और 1200 कर दिया गया है।
2. सामाजिक दूरी का पालन को लेकर छात्रों के बैठने के लिए 36 वर्ग फीट यानी 3.34 वर्ग मीटर क्षेत्रफल का स्थान निर्धारित था। मगर, अब 25 वर्ग फीट यानी 2.32 वर्ग फीट कर दिया गया है।