लखीमपुर खीरी के एलआरपी चौकी क्षेत्र में नशे में धुत चार युवकों ने किसी बात को लेकर दो युवकों की पिटाई कर दी। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा तो सदर विधायक उनके बचाव में कोतवाली पहुंच गए और धरने पर बैठ गए।
लखीमपुर खीरी में शनिवार की देर रात कोतवाली की एलआरपी चौकी क्षेत्र में नशे में धुत चार युवकों ने किसी बात को लेकर दो युवकों की पिटाई कर दी। आरोपियों से बचने के लिए पीड़ित युवक एलआरपी चौकी में घुस गए। चारों आरोपियों ने उन्हें वहां भी नहीं छोड़ा और चौकी में घुसकर उनकी पिटाई कर दी। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ लिया।
विज्ञापन
इसकी जानकारी जैसे ही सदर से भाजपा विधायक योगेश वर्मा को हुई तो आरोपी पक्ष के चारों युवकों को बचाने के लिए कोतवाली पहुंच गए। इतना ही नहीं कोतवाली परिसर में ही विधायक जमीन पर बैठकर काफी देर तक भींगते रहे। किसी तरह मामले को शांत कराने के बाद विधायक माने और घर चले गए। करीब एक घंटे तक कोतवाली में विवाद होता रहा।
विधायक योगेश वर्मा का कहना था कि वह पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ हैं। पुलिस का व्यवहार बिलकुल भी ठीक नहीं था, इसलिए वह धरने पर बैठे। इधर कोतवाली प्रभारी अंबर सिंह ने बताया कि एक पक्ष के लोगों के नाम गोपेश जोशी और जोगिंद्र बताया है। जबकि दूसरे पक्ष के चार लोगों के खिलाफ लिखापढ़ी कराई जा रही है। फिलहाल अभी तक किसी भी तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है।