बर्ड फ्लू से बचाव के लिए अलर्ट जारी होने के दूसरे दिन पशु
चिकित्सा विभाग ने रैपिड रिस्पांस टीम का गठन किया। साथ ही पूरे जिले में
पोल्ट्री फार्म और पक्षियों के निवास के निरीक्षण की योजना तैयार की गई है।
मुख्य
पशु चिकित्साधिकारी डॉ.एसपी सिंह ने बताया कि बर्ड फ्लू के मद्देनजर
सोमवार को जिले के सभी पशु चिकित्साधिकारियों के साथ बैठक कर रैपिड
रिस्पांस टीम गठित कर दी गई हैं। बैठक में सभी पशु चिकित्साधिकारियों को
निर्देश दिए गए कि वे अपने क्षेत्र में चलने वाले पोल्ट्रीफार्मों का
निरीक्षण करें और पोल्ट्री फार्म संचालकों को सफाई के साथ सुरक्षा के बारे
में बताएं। ऐसे तालाब जहां विदेशी पक्षी आते हैं या बहुतायत में पक्षी रहते
हैं उनका निरीक्षण करें। यदि कोई मृत पक्षी मिलता है तो उसका पोस्टमार्टम
नहीं किया जाएगा बल्कि उसे जांच के लिए भोपाल भेजा जाएगा। उन्होंने बताया
कि बरसात होने के कारण मौसम में कुछ नमी आई है इससे इस तरह के वैक्टीरिया
सक्रिय हो जाते हैं, हालांकि जिले में अभी तक इस तरह का कोई मामला सामने
नहीं आया है। उन्होंने ईसानगर के एक पोल्ट्री फार्म का निरीक्षण किया था।
इनके अलावा सोमवार को पशु चिकित्साधिकारियों ने अपने क्षेत्रों में
निरीक्षण किया।
000
दुधवा नेशनल पार्क प्रशासन बरत रहा सतर्कता
पलियाकलां।
तेजी से फैल रहे बर्ड फ्लू को लेकर दुधवा नेशनल पार्क प्रशासन सतर्कता बरत
रहा है। डिप्टी डायरेक्टर वीके सिंह ने बताया कि इसको लेकर करीब दो माह
पहले एक बैठक हुई थी जिसमें पार्क के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को
बर्ड फ्लू को रोकने के लिए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए थे। इसमें बर्ड
फ्लू की पहचान समेत विदेशों से आने वाले पक्षियों पर नजर रखने की बात बताई
गई थी। उन्होंने कहा कि पार्क में पक्षियों पर पैनी नजर रखी जा रही है और
अभी तक ऐसे लक्षण किसी पक्षी में नहीं दिखाई दिए हैं। फिर भी एहतियातन
सतर्कता बरती जा रही है।