भाई को टीका करके घर आ रही थीं नैंसी
गोला गोकर्णनाथ। शनिवार की शाम लखीमपुर रोड पर खम्हौल के पास किसी वाहन की टक्कर से बाइक सवार विवाहिता की मौत हो गई। वहीं गंभीर घायल पति को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
मोहल्ला मुन्नू गंज के पटेल नगर निवासी बल्ला ने बताया कि उनका 22 वर्षीय पुत्र पिंकू 18 वर्षीय बहू नैंसी के साथ बाइक से हफीजपुर अपनी ससुराल गया था। वहां से बहू नैंसी अमकोटवा अपने भाई अमरजीत को भैया दूज का टीका करने गई थी। लौटते समय खम्हौल के किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में नैंसी की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों को प्राइवेट वाहन से गोला सीएचसी लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद पिंकू को भी गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मां सुशीला देवी ने बताया कि नैंसी उनकी इकलौती पुत्री थी। बताया जा रहा है कि हादसा किसी बस से हुआ है। अस्पताल से घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दे दी गई है।