पलियाकलां। पलिया-भीरा मार्ग पर शारदा पुल पर अज्ञात वाहन से बाइक में टक्कर लग गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया है।
पीलीभीत जिले की पूरनपुर तहसील के देव यादवपुर गहलुईया निवासी असलम का 34 वर्षीय पुत्र मोहम्मद सैफ अपने साथी इसी गांव निवासी अनीस बेग के 25 वर्षीय पुत्र फरहान के साथ पलिया आया था। यहां से वापस जाते समय शारदा पुल पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह काफी दूर उछलकर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां डाॅक्टरों ने मोहम्मद सैफ को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्राथमिक इलाज के बाद फरहान को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक चालक ने हेलमेट लगा रखा था। संवाद