लखीमपुर खीरी। सीतापुर से रिश्तेदारी में थाना ईसानगर के गांव खमरिया जा रहे युवक की बाइक मंगलवार की रात लावारिस पशुओं से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे जिला अस्पताल लाई, जहां उसकी मौत हो गई। वह हेलमेट भी नहीं पहना था।
सीतापुर जिले के थाना लहरपुर के गांव धौरहरा निवासी मोनू (35) की थाना ईसानगर के गांव खमरिया में रिश्तेदारी है। मंगलवार की रात वह बाइक से रिश्तेदारी में जा रहा था। रात में उसकी बाइक बसढ़िया चौराहा के पास लावारिस पशुओं से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार वालों को सौंप दिया है। संवाद
बैल से बाइक टकराने पर डायल 112 का चालक घायल
गोला गोकर्णनाथ। गोला-लखीमपुर मार्ग पर करनपुर में सिद्ध बाबा स्थान के सामने बैल से बाइक टकराने पर डायल 112 का चालक घायल हो गया।
थाना हैदराबाद में पीआरबी 2872 का चालक सुनील कुमार शुक्ला बुधवार की सुबह अपने गांव थाना फरधान क्षेत्र के पचपेड़वा से बाइक पर ड्यूटी करने जा रहा था। लखीमपुर मार्ग पर करनपुर के पास सड़क पर घूम रहे बैल से उनकी बाइक टकरा गई, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गया। चालक हेलमेट नहीं लगाए था। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता दीपक मिश्रा ने घायल के परिवार और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची गोला की पीआरबी 2852 के आरक्षी शिवप्रसाद ने घायल को सीएचसी गोला मे भर्ती कराया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। संवाद
टेंपो की चपेट में आकर साइकिल सवार घायल
सुंदरवल। फरधान थाना क्षेेत्र के बम्भनपुर कोरारा गांव निवासी राम किशोर बुधवार दोपहर साइकिल से लखीमपुर से वापस घर जा रहा था। इस बीच अंदेशनगर में धान मिल के पास अनियंत्रित हुए टेंपो की चपेट में आने से रामकिशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। टेंपो पुलिस के कब्जे में है। संवाद