डीएम कार्यालय ज्ञापन देने पहुंचे भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के पदाधिकारी। स्रोत: संगठन
लखीमपुर खीरी। भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के आह्वान पर जिले के किसानों ने जिला अध्यक्ष बलकार सिंह के नेतृत्व में भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा गया।
किसानों ने ज्ञापन के जरिये मांग की कि प्रस्तावित ट्रेड डील को तत्काल रोका जाए। जिला अध्यक्ष ने आठ सूत्रीय मांग पत्र सौंपते हुए कहा कि यदि यह समझौता लागू होता है तो इसका सीधा असर देश के किसानों पर पड़ेगा।
किसानों का कहना है कि इस डील के लागू होने पर फसलों का वाजिब दाम नहीं मिल सकेगा और विदेशी कंपनियां व बड़े पूंजीपति किसानों का शोषण करेंगे, जिससे खेती पर संकट गहराएगा। उन्होंने आशंका जताई कि किसान अपनी ही जमीन पर मजदूरी करने को मजबूर हो सकते हैं।किसानों ने सरकार से इस मुद्दे पर पुनर्विचार करने की अपील की है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला महासचिव मोहम्मद सईद खान, जिला उपाध्यक्ष सुखदेव सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष उत्तम यादव, मोहम्मद आरिफ, गुरु साहब सिंह, गुरदेव सिंह, गुलजार सिंह, इसरार गाजी, अमनदीप सिंह, अमरिंदर सिंह और राहुल यादव सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।