भगवंत नगर गुलरा में ग्रामीणों से वार्ता करते विधायक। स्रोत : सोशल मीडिया
मझगईं। ग्राम भगवंतनगर गुलरा में पिछले कई दिनों से वन विभाग और ग्रामीणों के बीच जारी विवाद पलिया विधायक रोमी साहनी के हस्तक्षेप के बाद शांत हो गया।
वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल से जलौनी लकड़ी लाने और मवेशी चराने से रोके जाने के कारण क्षेत्र में काफी आक्रोश था। मामला तब और बिगड़ गया, जब विभाग ने जंगल के प्रवेश द्वार पर गहरी खाई खोदकर ग्रामीणों का रास्ता बंद कर दिया। जैसे ही इस समस्या की खबर विधायक रोमी साहनी को मिली तो वह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की।
विधायक ने मौके पर ही वन विभाग के अधिकारियों को बुलाकर उन्हें ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत कराया। विधायक की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच वार्ता हुई। इसमें उन्होंने बीच का रास्ता निकालते हुए ग्रामीणों को राहत प्रदान की और खाई से बंद हुए रास्ते का समाधान कराया। इस दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक रोमी साहनी ने भावुक और कड़े लहजे में कहा कि यह योगी जी की सरकार है और इसमें किसी भी गरीब का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।