नगर के भद्र कुंड के सौंदर्यीकरण का चल रहा कार्य। संवाद
गोला गोकर्णनाथ। नगर के बीचोबीच भू माफिया के निशाने पर रहे भद्रकुंड के सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू हो गया है। सरकार की एनएलसीपी योजना के तहत इसका सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है।
पौराणिक शिव मंदिर से भूतनाथ मंदिर को जाने वाले मार्ग पर भद्र कुंड के नाम से एक सरोवर है, जो पिछले कई दशकों से भूमाफियाओं के निशाने पर था। इसी सरोवर के निकट प्राचीन बाबा त्रिलोक गिरि मंदिर भी है। सामाजिक संगठनों द्वारा समय-समय पर इस सरोवर को कब्जा मुक्त करने की मांग उठती रही है।
नगर पालिका ने सरकार की नगरीय झील, तालाब, पोखर संरक्षण योजना के तहत 97.04 लाख रुपये की लागत से भद्राकुंड का सौंदर्यीकरण कराना शुरू कर दिया है।
प्रस्तावित कार्ययोजना के अनुसार कुंड के चारों ओर तीन मीटर चौड़ी इंटर लाकिंग, बैठने के लिए बेंचों का निर्माण, चारों तरफ लाइटिंग, छाया के लिए छायादार पौधरोपण के साथ सीढि़यों का निर्माण कराया जाएगा।
शुक्रवार को नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने सिविल के जेई अनिल कुमार यादव और जलकर के जेई आदर्श मिश्रा तथा पालिका कर्मियों के साथ निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।