मंगलवार रात अलाव डालने के दौरान ढाबे पर हुआ था विवाद
सीओ और ईओ के आश्वासन पर दो घंटे बाद खुल सका जाम
एलआरपी चौराहे पर मंगलवार की रात को अलाव डालने गए नगर पालिका कर्मचारियों की महिपाल ढाबे में बैठे कुछ लोगों ने पिटाई कर दी, जिससे नाराज सफाई कर्मचारियों ने बुधवार की सुबह ढाबे के सामने हाईवे को जाम कर दिया। ढाबा मालिक को तुरंत गिरफ्तार किए जाने की मांग करते हुए कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। जाम खुलवाने के लिए मौके पर पहुंचे सीओ सिटी एमपी सिंह की प्रदर्शनकारियों से नोकझोंक भी हुई, लेकिन कर्मचारियों ने उनकी एक न सुनी। कुछ देर बाद ईओ मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के मध्य वार्ता हुई, जिसमें आरोपियों को शाम तक गिरफ्तार किए जाने के आश्वासन पर करीब दो घंटे बाद जाम खोल दिया गया।
नगर पालिका के सफाई कर्मचारी एवं पीड़ित शमशाद अली, विवेक और मनु ने बताया कि मंगलवार की रात महिपाल ढाबे के पास अलाव के लिए भूसी और लकड़ी के गट्टे गिरा रहे थे। तभी ढाबा मालिक ने अपने साथियों के साथ आकर लकड़ी और भूसी को गीला बताकर गाली गलौज की। कर्मचारियों के मुताबिक जब हमने पालिका ईओ से बात करने के लिए कहा, तो आरोपी ने उनकी पिटाई कर दी। कर्मचारियों ने बताया कि इसकी सूचना कोतवाली पुलिस और अपने नेताओं से की, लेकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। इससे नाराज सफाई कर्मचारियों ने यूनियन के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार के नेतृत्व में बुधवार की सुबह महिपाल ढाबे के सामने ट्रैक्टर और जेसीबी खड़ी करके जाम लगा दी। इससे पीलीभीत-बस्ती हाईवे मार्ग पर वाहनों की लाइन लग गई। एलआरपी चौकी प्रभारी ने कर्मचारियों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी एक न चली। इस दौरान पालिका ईओ अवनींद्र कुमार और सीओ सिटी एमपी सिंह के बीच हुई वार्ता के बाद सीओ ने बुधवार की शाम तक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर कर्मचारियों ने जाम खोला। जिलाध्यक्ष अशोक कुमार ने कहा कि कर्मचारियों के सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं होगा। यदि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो फिर से धरना प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान पालिका के सफाई निरीक्षक जितेंद्र सिंह, हरवंश दीक्षित, प्रहलाद सिंह, अमित सोनी सहित सपा नेता चंदन लाल वाल्मीकि मौजूद रहे।
--
दो घंटे से अधिक हाईवे रहा जाम, छूटे पसीने
एलआरपी चौराहे को पूरी तरह से जाम करने में महिला सफाई कर्मचारी भी पीछे नहीं रहीं। उनके रोड पर बैठ जाने से पीलीभीत-बस्ती और सीतापुर हाईवे पर जाम लग गया, जिससे सभी मार्गों पर वाहनों की लंबी कतार लग गईं। करीब दो घंटे बाद जाम खुलने के बाद ट्रैफिक संचालन करने में एलआरपी चौकी पुलिस के पसीने छूट गए।
--
शाम तक चला बैठकों का दौर
सफाई कर्मचारी को न्याय दिलाने और महिपाल ढाबा मालिक की गिरफ्तारी को लेकर पूरे दिन सफाई कर्मचारियों की बैठकों का दौर चलता रहा। जाम खोलने के बाद सफाई कर्मचारी यूनियन नेताओं ने पालिका सभागार में बैठक की और पीड़ित कर्मचारी को न्याय न मिलने पर गुरुवार को होने वाले कार्यक्रम की रणनीति तैयार की।