लखीमपुर खीरी। बिजली गिरने से जान जाने का जोखिम रहता है। आपदा विभाग ने एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के जिला आपदा विशेषज्ञ अंकित कुमार राज ने बताया कि बारिश और बिजली चमकने पर पक्के और सुरक्षित मकान में शरण लें। खुले मैदान, खेत, ऊंचे पेड़ या बिजली के खंभों के नीचे बिल्कुल न खड़े हों। छत पर, बालकनी पर या ऊंची जगहों पर खड़े होने से बचें।
वहीं अगर आप घर में हैं तो दरवाजे और खिड़कियां अच्छी तरह बंद रखें। बिजली उपकरण टीवी, फ्रिज, कंप्यूटर, डीटीएच आदि प्लग से निकाल दें और मोबाइल को चार्जिंग से हटा दें। तार या एंटीना के संपर्क में न आएं।
-
खेत में हों तो ये बरतें सावधानी
खेत में काम करने के दौरान बारिश के साथ बिजली चमके, तो पक्के घर में चले जाएं। बिजली से चलने वाली मशीनों व ट्रैक्टर से तुरंत दूरी बनाएं। चारपाई या लोहे के पलंग पर न बैठें। लोहे जैसी चीजों को छूने से बचें। समूह में खड़े न हों। तुरंत सुरक्षित स्थान न मिले, तो लोग आपस में तीन से चार मीटर की दूरी पर बैठें। नाले, नहर, पोखर या जलभराव में न जाए। जलभराव में करंट का खतरा रहता है।
इसका भी रखें ध्यान
भारी वर्षा में वाहन धीमी गति से चलाएं। जरूरी न हो तो वहीं रुक जाएं। सड़क पर गिरे बिजली के तारों से दूर रहें और विद्युत निगम को सूचना दें। पशुओं को खुले में न बांधें, लोहे की रस्सी या तार से न बांधें। किसी भी आपदा में तुरंत जिला आपदा 9454416588 या 1077 पर फोन कर सूचना दें।