लखीमपुर। जिला अधिवक्ता संघ कार्यकारिणी चुनाव के लिए चल रही नामांकन प्रक्रिया बुधवार को पूरी हो गई। सहायक चुनाव अधिकारी उमाशंकर वर्मा ने बताया कि नामांकन के अंतिम दिन पांच लोगों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इसमें चार दावेदारों ने नामांकन पत्र का द्वितीय सेट दाखिल किया है।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान 32 दावेदारों ने अपने पत्र दाखिल किए हैं, जिनकी जांच और आपत्तियों पर सुनवाई के बाद चुनावी चौसर की तस्वीर साफ हो जाएगी। 17 जनवरी को चुनाव होंगे। मुख्य चुनाव अधिकारी प्रहलाद ने बताया चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के दौरान अध्यक्ष पद के लिए महेंद्र तिवारी और महेंद्रपाल सिंह ने वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए राजेश श्रीवास्तव, पंकज किशोर तिवारी, संजीव वाजपेई, सौरभ दीक्षित और संजय कुमार सिंह ने कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए ज्ञानप्रकाश मिश्र और रणवीर सिंह तो कोषाध्यक्ष के लिए जय प्रकाश गिरि, मोहनलाल मौर्य और राजेश कुमार मिश्र ने अपनी दावेदारी पेश की है।
महामंत्री पद के लिए मथुरा प्रसाद अवस्थी, विपुल मिश्र, इसरार अहमद और पवन मिश्र ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है, तो संयुक्त मंत्री के तीन पदों के लिए देवव्रत पांडे, गौरवबाबू गुप्ता, हरेराम, कुंवरचंद्र वर्मा, प्रदीपकुमार यादव, रामजीवन, रोहित कुमार और कुमारी रूबीना खातून चुनाव मैदान में हैं। इसी तरह गवर्निंग काउंसिल कनिष्ठ वर्ग के तीन पदों के लिए आशीष वाजपेई, जावेद अली, सूरज त्रिवेदी, वहींदुल अली और विशाल गुप्ता ने अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए हैं। संवाद