धौरहरा खुर्द में फाइनल खेलते हुए खिलाड़ी। स्रोत: आयोजक
फरधान। धौरहरा खुर्द में आयोजित दो दिवसीय वाॅलीबाॅल प्रतियोगिता में रविवार की रात दो सेमीफाइनल और फाइनल मैच खेले गए। इसमें बांकेगंज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार तीनों सेट जीतकर फाइनल का खिताब अपने नाम कर लिया।
ग्राम पंचायत धौरहरा खुर्द में हो रहे वाॅलीबॉल टूर्नामेंट के फाइनल मैच से पहले लखनऊ और बांकेगंज की टीमों ने नरदवलपुरवा और पूरनपुर की टीमों को सेमीफाइनल में हराकर फाइनल में जगह पक्की की। इसके बाद रात दस बजे लखनऊ और बांकेगंज टीमों के बीच फाइनल मैच हुआ। फाइनल मैच में बांकेगंज की टीम ने बहुत ही शानदार प्रदर्शन किया।
फाइनल में कुल पांच सेट खेले जाने थे, लेकिन बांकेगंज की टीम ने लगातार तीन सेट 15-9, 15-12 और 15-7 जीतकर फाइनल की ट्रॉफी जीत ली। टूर्नामेंट में निर्णायक की भूमिका में संजय कुमार और अंकित सोलंकी तथा स्कोरर में अमन शुक्ला और आशीष चौधरी ने योगदान दिया। विजेता टीम को मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य अनुभव कुमार ने मेडल पहनाकर ट्राफी भेंट की।
विजेता और उपविजेता टीम को नकद पुरस्कार के साथ उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर आदित्य शर्मा, शैलेंद्र कुमार, प्रधान रामेंद्र वर्मा, धर्मेंद्र वर्मा सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।