मोहल्ला नई बस्ती में हुआ हादसा, मां भी घायल
मोहल्ला नई बस्ती में अचानक छज्जा गिरने से मोहल्ला निवासी समीर का आठ वर्षीय पुत्र शकील और उसकी पत्नी 35 वर्षीय सलीउन घायल हो गईं। परिवार वाले बालक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाए, जहां उसकी मौत हो गई। बालक की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया।
मोहल्ला नईबस्ती निवासी शकील ने बताया कि बुधवार की दोपहर उसका पुत्र शकील घर के बाहर छज्जे के नीचे खेल रहा था, जबकि पत्नी भी पास में खड़ी थीं। अचानक उनके मकान का छज्जा भरभराकर ढह गया, जिससे उसके मलबे के नीचे दबकर शकील गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पत्नी सलीउन को मामूली चोटें आईं। शोरशराबा होने पर घर वाले और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। मलबा हटाकर शकील को बाहर निकाला और आनन-फानन में उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां शकील ने दम तोड़ दिया। बालक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। परिवार वाले शव अस्पताल से लेकर घर वापस लौट गए।