विजेता टीम को सम्मानित करते मुख्य अतिथि।
संपूर्णानगर (लखीमपुर खीरी)। भानपुरी खजुरिया में चल रही कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल में उत्तराखंड की टीम को हराकर बहराइच की टीम ने जीत दर्ज की। विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
भानपुरी खजुरिया में चल रही कबड्डी प्रतियोगिता में पहला सेमीफाइनल मैच खजुरिया और बहराइच की टीम के बीच हुआ, जिसमें बहराइच ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं रामनगर को हराकर उत्तराखंड फाइनल में पहुंची। फाइनल मुकाबला बहराइच और उत्तराखंड के बीच हुआ, जिसमें बहराइच ने उत्तराखंड को 13 अंकों से हराकर प्रतियोगिता की विजेता ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमाया।
फाइनल मैच के मुख्य अतिथि सपा के विधानसभा अध्यक्ष जावेद अख्तर, खजुरिया नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र त्रिपाठी ने विजेता टीम को 10 हजार नकद और उपविजेता टीम को पांच हजार नकद की पुरस्कार राशि देने के साथ ही ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस दौरान प्रतियोगिता के अध्यक्ष रामेश्वर मिश्रा, कमेंटेटर जमालुद्दीन, स्कोरर सरफराज, रेफरी सत्येंद्र प्रताप प्रजापति समेत कमेटी के पदाधिकारी व खेलप्रेमी मौजूद रहे। संवाद