लखीमपुर खीरी। जिले में शनिवार को 25 केंद्रों पर दो पालियों में टीजीटी परीक्षा देने के लिए 10 हजार से अधिक अभ्यर्थी पहुंचे। वापसी में बहराइच के अभ्यर्थी परेशान हो गए। उन्हें काफी देर तक बस ही नहीं मिली। परिवहन निगम ने आनन-फानन में बसों की व्यवस्था कर अभ्यर्थियों को रवाना किया। इससे अव्यवस्था फैल गई।
टीजीटी परीक्षा को लेकर प्रशासन ने रोडवेज को भी तैयारी रखने के निर्देश तो दिए लेकिन यह नहीं बताया कि किस जनपद से कितने लोग परीक्षा देने आएंगे। एआरएम ने इससे संबंधित जानकारी भी चाही, ताकि वे उसी अनुसार बसों का रोस्टर तैयार कर सकें। एआरएम ने शाहजहांपुर, लखनऊ, पीलीभीत, बरेली आदि जनपदों के लिए बसों का इंतजाम तो कर दिया लेकिन परीक्षा देने के लिए सबसे ज्यादा बहराइच के अभ्यर्थी थे। ऐसे में परीक्षा के बाद अचानक रोडवेज पर अव्यवस्था फैल गई। अभ्यार्थियों को जाने के लिए काफी देर तक बसों का इंतजार करना पड़ा। पहली पाली की परीक्षा में छह बसों को बहराइच भेजा गया, जबकि दूसरी पाली में 10 बसों का इंतजाम किया गया। इसके अलावा हरदोई, सीतापुर, लखनऊ, शाहजहांपुर के लिए भी बसें भेजी गई।
-
पहले से पता होता तो न होती दिक्कत : एआरएम
लखीमपुर डिपो की एआरएम गीता सिंह ने बताया कि किस जनपद से कितने अभ्यर्थी परीक्षा देने आएंगे, इसकी जानकारी पहले से होती तो दिक्कतें नहीं होती। उसके अनुसार बसों का रोस्टर तैयार करते। फिर भी भीड़ बढ़ने के बाद तत्काल बसों की व्यवस्था कराकर परीक्षार्थियों को बहराइच भेजा गया।
परीक्षा छूटने के बाद कई जगह लगा जाम
दोनों पालियों की टीजीटी परीक्षा छूटने के बाद शहर में कई जगह जाम लग गया। सबसे ज्यादा दिक्कतें गोला रोड पर श्रीकृष्णा टॉकीज पर देखने को मिली। संकटा देवी चौराहा, मेला मैदान, जीआईसी, राजापुर चौराहा आदि जगह भी जाम लगा। इससे अभ्यार्थियों के साथ ही अन्य राहगीर परेशान हुए। भीड़ अधिक होने पर ट्रेनों में यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की हुई।
गोला रोड पर लगे जाम में फंसे लोग। संवाद