शहर के मोहल्ला सिविल लाइंस स्थित मनकामेश्वर शिव मंदिर के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विभिन्न प्रकार के भक्तिमयी कार्यक्रम किए गए। यहां मंगलवार की शाम भजन संध्या का आयोजन किया गया। इसमें बनारस घराने के संगीतकार पं.आनंद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में उनकी टीम के कलाकारों ने भजनों के माध्यम से भक्तिरस की वर्षा की। यहां देर रात तक श्रद्धालुओं ने भक्ति रस का आनंद लिया। बुधवार को यहां भंडारे का आयोजन किया।
यहां भजन संध्या की शुरुवात पं. आनंद कुमार मिश्रा ने राग मुल्तानी में गणेश वंदना गाकर की। इसके बाद उन्होंने शास्त्रीय संगीत पर आधारित भजन मैने लीनो गोविंद मोल माई री तथा शिव का नाम जपो मन मेरे आदि भजनों के माध्यम से माहौल को भक्तिमय कर दिया। धर्मसभा इंटर कॉलेज के संगीत शिक्षक माधव प्रसाद चतुर्वेदी ने पायो जी मैने राम रतन धन और भजो रे मन राम गोविंद हरी तथा शिवकुमार गौड़ ने राम से बड़ा राम का नाम भजन गाकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस से भिगोया। यहां संगीता मिश्रा का भजन जगत के स्वामी और मजूषा अवस्थी के कान्हा रे कान्हा भजन पर भी श्रद्धालुओं ने खूब तालिया बजाईं।
वाईडी कॉलेज के प्रवक्ता डॉ.सत्येंद्र दुबे ने भजन के माध्यम से भगवान की शिव की बारात का भावपूर्ण चित्रण किया। देररात तक चले इस कार्यक्रम में सिद्धगोपाल तिवारी के अलावा कई श्रद्धालुओं ने भी भजनों के माध्यम से प्रभु का गुणगान किया। भजन संध्या में वकील कुंवरजी, राजकीय इंटर कॉलेज की प्रवक्ता शशि तिवारी, पूजा चतुर्वेदी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे। बुधवार को यहां भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान शिव की कृपा प्राप्त की।