फार्मर रजिस्ट्री कैंप में कृषि विभाग के अधिकारी, कर्मचारी व किसान। फाइल फोटो
लखीमपुर खीरी। किसानों की फार्मर रजिस्ट्री का आंकड़ा जिले में नहीं बढ़ पा रहा है। अब तक मात्र 33.15 प्रतिशत ही किसानों की फार्मर रजिस्ट्री हो सकी है। 69.85 प्रतिशत से अधिक काम अधूरा है। पिछले पांच दिनों तक पोर्टल बंद रहने से आंकड़ा नहीं बढ़ सका। इसी कारण अपना जिला प्रदेश की रैंकिंग में पिछड़ गया।
फार्मर रजिस्ट्री यूपी नाम के पोर्टल के माध्यम से ही किसानों की रजिस्ट्री की जाती है। किसान या तो स्वयं अपनी रजिस्ट्री कर लें या फिर जन सेवा केंद्र से करा सकते हैं। रजिस्ट्री की प्रक्रिया सामान्य चल रही थी, लेकिन इसी बीच 27 से 31 जनवरी तक लखीमपुर सहित कई जनपदों का पोर्टल बंद हो गया।
पोर्टल बंद होने से इन पांच दिनों तक एक भी रजिस्ट्री नहीं हो सकी, जिसकी वजह से आंकड़ा नहीं बढ़ सका। 27 जनवरी से पहले लखीमपुर 57वें नंबर था, लेकिन पोर्टल बंद होने पर 69वें नंबर पर पहुंच गया है। विभागीय आंकड़ों पर नजर डालें तो जिले के 7.18 लाख किसानों की फार्मर रजिस्ट्री होनी हैं, जिसमें अब तक मात्र 2.30 लाख की हो सकी है।
अभी भी 4.88 लाख किसानों की फार्मर रजिस्ट्री होनी शेष है। उपनिदेशक कृषि अरविंद मोहन मिश्र ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री का काम जिले में तेजी से चल रहा है। बीच में कुछ दिनों के लिए पोर्टल बंद होने से कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ा था।