लखीमपुर खीरी। सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में एक बार फिर जिला पिछड़ गया। अक्तूबर की अपेक्षा नवंबर की ऑलओवर रैंकिंग में लखीमपुर 25 अंक खिसक कर 58वें स्थान पर आ गया है।
राजस्व में 15 अंक की गिरावट आई है। रैंकिंग खराब होने के बाद जिम्मेदार विभागों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया जा रहा है।
सीएम डैशबोर्ड में अक्तूबर माह की ओवरऑल रैंकिंग 33 थी, जो नवंबर में 58 हो गई है। राजस्व की रैंकिंग की बात करें तो अक्तूबर में 40वें नंबर पर था, नवंबर में 55वां नंबर आया है।
रैंकिंग खराब होने के पीछे एनआरएलएम, समाज कल्याण, सहकारिता विभाग, पंचायतीराज सहित कई विभागों की योजनाएं हैं, जिनको ई-ग्रेड मिला है। नवंबर की रैंकिंग खराब करने वालों में ग्राम्य विकास की एनआरएलएम बैंक क्रेडिट लीकेज को ई-ग्रेड मिला है।
पंचायती राज विभाग के 15वें वित्त आयोग को भी ई ग्रेड मिला है। प्राथमिक शिक्षा की निपुण परीक्षा आंकलन में ई ग्रेड, श्रम एवं सेवायोजन विभाग की कन्या विवाह सहायता योजना को ई-ग्रेड, समाज कल्याण की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, सहकारिता की जिला सहकारी बैंक अल्पकालिक ऋण वितरण एवं वसूली में ई-ग्रेड मिला है।