रमियाबेहड़। पढ़ुआ थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात सिसैया-ढखेरवा मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में हसनापुर बी-पैक्स में बाबू के पद पर कार्यरत जयप्रकाश निषाद (48) पुत्र सविता दीन निवासी ग्राम सहजदिया मजरा सुजानपुर की मौत हो गई। हादसे में तीन किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों के अनुसार चंदपुरा गांव के पास बस को ओवरटेक करने के दौरान जयप्रकाश निषाद की बाइक अनियंत्रित हो गई और रमियाबेहड़ की ओर से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सभी सवार सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में जयप्रकाश निषाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राकेश (17) पुत्र मनीराम निवासी रामनगर बगहा, सिद्धार्थ (16) पुत्र कमल किशोर निवासी लखहा तथा राजू (17) पुत्र मंगूलाल निवासी लखहा गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी रमियाबेहड़ भेजा। वहां चिकित्सकों ने जयप्रकाश निषाद को मृत घोषित कर दिया। राकेश, सिद्धार्थ और राजू की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।