एसडीएम को ज्ञापन सौपते ऑटो ई- रिक्शा चालक। संवाद
धौरहरा। सिसैया ऑटो चालक सेवा समिति ने सिसैया चौराहा ओवरब्रिज क्षेत्र में प्राइवेट बस चालकों और कंडक्टरों पर यातायात व्यवस्था बाधित करने तथा ऑटो व ई-रिक्शा चालकों के साथ अभद्रता व मारपीट करने का आरोप लगाया है। समिति ने एसडीएम को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की है।
समिति अध्यक्ष रामप्रताप अग्रवाल के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि कुछ प्राइवेट बस चालक निर्धारित पार्किंग स्थल पर वाहन खड़ा करने के बजाय सिसैया चौराहा और ओवरब्रिज के आसपास मुख्य मार्ग पर बसें खड़ी कर देते हैं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। आरोप है कि कुछ बस चालक और कंडक्टर ऑटो व ई-रिक्शा चालकों को सवारी बैठाने से भी रोकते हैं। इससे छोटे वाहन चालकों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो रहा है।
समिति ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिन के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो ऑटो व ई-रिक्शा चालक तथा क्षेत्रीय नागरिक 26 जून को सिसैया चौराहा ओवरब्रिज पर धरना-प्रदर्शन करेंगे। संवाद