लखनऊ/लखीमपुर खीरी। मंत्रिमंडल में फेरबदल के बाद मुख्यमंत्री ने राज्यपाल की सहमति से जिलों के प्रभारी मंत्री भी बदल दिए हैं। परिवहन मंत्री अशोक कटारिया को लखीमपुर खीरी का प्रभारी मंत्री बनाया गया है। इससे पहले राज्यमंत्री गुलाबो देवी प्रभारी मंत्री थीं। बरेली मंडल में बरेली जिला के प्रभारी मंत्री अब ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा होंगे, वह मेरठ के भी प्रभारी मंत्री होंगे। अब तक ब्रजेश पाठक बरेली के प्रभारी थे, अब उन्हें रामपुर और अंबेडकरनगर की जिम्मेदारी दी गई है। बदायूं के जिला प्रभारी मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी होंगे, इस जिले में अब तक यह जिम्मेदारी संभाल रहे स्वामी प्रसाद मौर्य को पीलीभीत भेजा गया है। शाहजहांपुर के जिला प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल होंगे। बरेली मंडल से योगी मंत्रिमंडल में शामिल दो मंत्रियों में से सुरेश खन्ना को लखनऊ व गाजियाबाद की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि बदायूं के महेश गुप्ता को कानपुर देहात का जिला प्रभारी मंत्री बनाया गया है।
परिवहन मंत्री कटारिया को प्रभारी मंत्री बनाए जाने से भाजपाइयों खासकर युवा मोर्चा में खुशी है। भाजपा कार्यालय पर गुरूवार को भाजपा युवा मोर्चा की बैठक हुई। इसके मुख्य अतिथि भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री कमलेश मिश्रा ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व की इस पहल से लखीमपुर में निश्चित तौर पर बहुत संगठन और सरकार के बीच सामंजस्य बनेगा। इससे युवाओं में उत्साह दोगुना होगा और इसका लाभ 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में होगा।