अशलेंद्र हत्या के आरोपी पुलिस गिरफ्त में
- फोटो : LAKHIMPUR
सिकंद्राबाद। नीमगांव थाना पुलिस ने चार दिन पहले सिकंद्राबाद चौकी क्षेत्र के धुमराडीह में पेट्रोल पंप हुए अश्लेंद्र हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बाइक व तमंचा बरामद किया है। घटना से एक दिन पहले सल्लिहाबाद क्रसर पर जल्दी गन्ना तुलवाने के लिए विवाद हुआ था। इसके दूसरे दिन रेकी करके बाइक सवार आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया था।
एसपी संजीव ने बताया ने बताया कि सिकंद्राबाद निवासी अश्लेंद्र उर्फ शैलेंद्र त्रिवेदी 10 जनवरी को गन्ना तुलवाने के लिए सल्लिहाबाद स्थित क्रसर पर गया था। जहां जल्दी गन्ना तुलवाने को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों से विवाद हुआ था। इसके बाद अश्लेंद्र घर लौट गया था। दूसरे दिन मंगलवार को दिनभर रेकी कर रहे हमलावरों ने धुमराडीह पेट्रोल पंप पर बाइक सवार हमलावरों ने अश्लेंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
बृहस्पतिवार रात करीब 12.30 बजे सिकंद्राबाद-गोला मार्ग पर मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी करके पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में अरविंद कुमार उर्फ चमन वर्मा व जितेंद्र कुमार वर्मा उर्फ जीतेश निवासी सोरैंया थाना हैदराबाद शामिल हैं। इनके पास से हत्या में प्रयुक्त तमंचा-कारतूस व दो बाइकें बरामद की गईं। अभी दो आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक के अलावा सिकंद्राबाद चौकी इंचार्ज अभिषेक सिंह, हेड कांस्टेबल संजय सिंह व अंकित चौधरी शामिल रहे।