बेलहासिकटिहा में जमीन का कटान करती शारदानदी। संवाद
बिजुआ। बेलहा सिकटिहा में शारदा नदी का जलस्तर घटने के साथ ही भूमि कटान शुरू हो गया है। पिछले शुक्रवार से शुरू हुए कटान में अब तक लगभग सौ एकड़ जमीन कटान की भेंट चढ़ चुकी है।
पिछले साल शारदा नदी ने बेलहा सिकटिहा गांव के आधा दर्जन मकान काट दिए थे। बाद में गांव के पूरब तरफ सिंचाई विभाग व बाढ़ खंड के प्रयास से तटबंध का निर्माण कराया गया। इससे गांव तो कटने से बच गया, लेकिन गांव के पश्चिम और पूरब तरफ कटान शुरू हो गया। पश्चिम तरफ से कटान करती शारदा नदी लगातार गांव की तरफ बढ़ रही है।
इसी रफ्तार से कटान चलता रहा तो बहुत जल्दी ही गांव कटान की जद में आ जाएगा। दोनों तरफ से हो रहे कटान से तटबंध को भी खतरा पैदा हो गया है। बेलहा सिकटिहा के छत्रपाल, रामनरेश, मैकूलाल, घनई, राम प्रसाद, दयाशंकर रामकिशुन, अनूप कुमार, रामासरे, नेपाली जयप्रकाश, अरविंद, दीनदयाल, राधाकृष्ण, रतीराम, गजोधर, संजय सहित कई लोगों की जमीन कट चुकी है।
तहसीलदार भीमचंद ने बताया कि कटान पीडि़तों का डेटा प्राप्त हो गया है। जल्दी ही प्रशासन से मिलने वाली सहायता कटान पीड़ितों तक पहुंचाने की तैयारी चल रही है।