ऑनलाइन पंजीकरण को लेकर अफरा-तफरी
भगवानदीन आर्यकन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्रवेश के लिए इन दिनों मारामारी मची हुई है। प्रवेश फार्म लेने और जमा करने के लिए छात्राओं की लंबी कतारें लग रही हैं। प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अनिवार्यता के चलते महाविद्यालय में अफरा तफरी है। उधर महाविद्यालय प्रशासन ने प्रवेश के लिए अंतिम तिथि की घोषणा कर दी है।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. निरुपमा अशोक ने एमए प्रथम वर्ष हिंदी और एमए प्रथम वर्ष संस्कृत में प्रवेश की इच्छुक छात्राओं से महाविद्यालय में 29 जून तक पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कराने को कहा है। इनकी मैरिट सूची 30 जून को जारी कर दी जाएगी। सूची के अनुसार छात्राएं दो जुलाई को प्रवेश ले सकती हैं।
बीए तृतीय वर्ष और एमए द्वितीय वर्ष हिंदी और संस्कृत में प्रवेश लेने की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित की गई है। दो जुलाई से बीए तृतीय वर्ष और एमए द्वितीय वर्ष की कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी। भगवानदीन आर्य कन्या महाविद्यालय में सबसे ज्यादा मारामारी बीए प्रथम वर्ष में प्रवेश को लेकर है। सीटें सीमित होने के कारण यहां स्थिति और ज्यादा विकट हो गई है। प्रवेश के लिए मेरिट काफी ऊंची जाने की उम्मीद है।