किसान से बातचीत का ऑडियो हुआ वायरल, क्रय केंद्र बस्तौली का मामला
लखीमपुर खीरी। सहकारी समिति बस्तौली में खुले गेहूं क्रय केंद्र पर तौल में अवैध कटौती की शिकायत पर एक किसान ने एआर कोआपरेटिव से शिकायत की, जिस पर एआर कोआपरेटिव भड़कते हुए किसान को ही गर्म करने लगे। उन्होंने गांव में खुले क्रय केंद्र को बंद कराने की धमकी दी। इस पर किसान ने क्रय केंद्र बंद न करने के लिए अनुरोध भी किया।
बस्तौली निवासी एक किसान ने एआर कोआपरेटिव रत्नाकर सिंह को फोन कर बताया कि क्रय केंद्र प्रभारी विमलेश और सचिव फोन बंद किए हैं। ट्रालियों की लाइन लगी हुई है। गेहूं की तौल बंद है और यहां कोई काम नहीं हो रहा है। गेहूं को नहीं चढ़ाया है, क्योंकि उसमें हिस्सा 80 रुपये मांग रहे थे। किसान ने कहा कि इसकी शिकायत डीएम से भी कर दी है। इस पर एआर कोआपरेटिव ने कहा कि हम सेंटर ही बंद करा दे रहे हैं। आप लोगों को ज्यादा समस्या हो रही है। रोज ही समस्या होती है। वहां पर लोग चोरी कर रहे हैं। इसलिए सेंटर बंद करा देते हैं। इस पर किसान ने कहा कि चोरी हम नहीं कह रहे है, लेकिन गेहूं तौल से कम चढ़ाया जा रहा है। इस पर एआर कोआपरेटिव ने सेंटर की जांच कराने का आश्वासन दिया।
शिकायतकर्ता किसान का गेहूं तौला जा चुका है, लेकिन दूसरे किसानों का गेहूं बेचने के लिए बार-बार फोन करता है। केंद्र प्रभारी समेत तीन कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं, जिससे क्रय केंद्र पर कुछ दिक्कतें आई हैं। फिर भी मामले की जांच गोला के एडीओ सहकारिता से कराई जा रही है।
- रत्नाकर सिंह, एआर कोआपरेटिव