पलियाकलां (लखीमपुर खीरी)। गोल्डन फ्लॉवर सीनियर सेकेन्डरी स्कूल में आयोजित अमर उजाला की अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स मुहिम के तहत नारी सशक्तीकरण गोष्ठी में प्रधानाचार्य लोकनाथ तिवारी ने कहा कि छात्राएं आत्मनिर्भर बनकर सही समय पर अपना लक्ष्य तय करें और अपने पैरों पर खड़ा होना सीखें।
उन्होंने कहा कि अगर आपके सामने कुछ भी गलत हो रहा है या आपके साथ ही कोई कुछ गलत कर रहा हो तो चुप न रहकर उसका विरोध करना सीखें ताकि सामने वाला कमजोर पड़ जाए और ऐसी हरकत दोबारा न करे। इससे आपके अंदर आत्मविश्वास बढ़ेगा और सामने वाला का हौसला पस्त होगा। स्कूल की शिक्षिका दरक सिंघे नाइजी ने कहा कि छात्राओं को स्कूल में दोस्त बनाने के साथ ही अपने माता-पिता को भी दोस्त बनाना चाहिए। कोई भी बात हो उनसे शेयर करें ताकि वह भी आपकी समस्या को जान सकें और आपका साथ दे सकें। शिक्षिका नीलम मिश्रा ने कहा कि अपराजिता का मतलब ही डर और आने वाली हर समस्या को पराजित करना होता है इसीलिए बालिकाओं को जीवन में आने वाली कठिनाइयों से ऊपर उठकर आगे बढ़ना होगा तभी वह जीवन में सफल हो सकेंगी। इस मौके पर छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने की शपथ दिलाई गई।
हमें अपनी ताकत पहचाननी होगी
छात्रा साहिबा नाज ने कहा कि हमें अपने अंदर की ताकत को पहचानना पड़ेगा इसके लिए हिम्मत से काम लेना होगा। अमर उजाला का यह अभियान पसंद आया और सीख भी मिली।
हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं बेटियां
छात्रा आशुदीप कौर ने कहा कि आज के समय में बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़कर नाम रोशन कर रही हैं। अमर उजाला की इस मुहिम से उनके अंदर भी आगे बढ़कर अपने माता-पिता व गुरुजनों का नाम रोशन करने का जज्बा मिला है।
प्रतिभा के दम में सफलता पाएंगे
छात्रा भूमि जायसवाल ने कहा कि हम भी अपनी प्रतिभा के दम पर सफलता के शिखर पर पहुंचने का काम करेंगे। अमर उजाला की अपराजिता मुहिम से आत्मविश्वास बढ़ा है और सीख भी मिली है।
कार्यक्रम में मिली सीख अन्य को भी बताएंगे
छात्रा सिमरनजीत कौर ने कहा कि कार्यक्रम से काफी कुछ सीखने को मिला है। इसको वह अपने दोस्तों के साथ ही माता-पिता को भी बताएंगे ताकि वह भी हमारे अंदर अपनी तरफ से आत्मविश्वास भर सकें और आत्मविश्वास में कोई कमी न रह पाए।