चयनित विद्यार्थी को मिलेंगे दस हजार रुपये
कक्षा छह से दस तक के विद्यार्थी करा सकते हैं अपना पंजीकरण
लखीमपुर खीरी। इंस्पायर अवार्ड में कक्षा छह से दस तक छात्र-छात्राएं अपना पंजीकरण करा सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 15 अक्तूबर है। चयनित विद्यार्थी को दस हजार रुपये दिए जाएंगे।
मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश जायसवाल ने बताया कि इंस्पायर अवार्ड योजना के तहत कक्षा छह से दस तक के छात्रों को विज्ञान में विभिन्न प्रकार के मॉडल तैयार कर अपने विचार व्यक्त करने का अवसर दिया जाता है। जिला स्तर पर चयनित छात्रों को दस हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलती है। इससे छात्र मॉडल तैयार कर उसे जिला, प्रदेश और देश स्तर पर आयोजित होने वाली प्रदर्शनी में शामिल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सके। उन्होंने बताया कि छात्र 15 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि नामांकन में छात्र का नाम व फोटो, पिता व माता का नाम, जन्मतिथि, जाति वर्ग, आधार नंबर, बैंक एकाउंट नंबर, बैंक ब्रांच का पता और उसका कोड, प्रोजेक्ट की टाइटल सहित प्रोजेक्ट की पीडीएफ फ़ाइल, दो एमबी से ज्यादा न हो। डॉ. दिनेश जायसवाल ने बताया कि छात्रों का अधिक से अधिक नामांकन कराने के लिए डीआईओएस को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।