तिकुनिया खीरी। विकास खंड निघासन क्षेत्र के ग्राम पंचायत खैराहना ग्राम टैगनहिया में प्राचीन कुएं के जीर्णोद्धार ने कुओं को संवारने की दिशा में उम्मीद जगा दी है। यह कुआं तीन सौ साल से ज्यादा पुराना बताया जा रहा है। सभी गांवों में ऐसे ही प्रयास हों तो जल संचयन की मुहिम को बड़ी सफलता मिलेगी। साथ ही अस्तित्व खो चुके कुएं फिर से मुस्कुराने लगेंगे।
300 वर्ष पुराना यह कुआं अस्तित्व खो चुका था। इसे पुनर्जीवित करने के लिए ग्राम पंचायत खैराहना के क्षेत्र पंचायत सदस्य राकेश कुमार मिश्रा ने कुएं को दोबारा नई तकनीक से बनाए जाने को लेकर ब्लॉक में आवेदन किया था। मामला संज्ञान में आते ही खंड विकास अधिकारी जयेश सिंह ने पंचायत मित्र इमरान हुसैन व ग्राम सचिव उपदेश वर्मा को सर्वे कर कुएं का पुनर्निर्माण करने के निर्देश दिए। इसके बाद मनरेगा से कुएं का जीर्णोद्धार कराया गया। सुंदरीकरण होने से ग्रामीणों में खुशी है।
ब्लॉक क्षेत्र में सर्वे कराकर ऐसे कुओं को चिह्नित करेंगे, जिन्हें उपयोगी बनाया जा सकता है। इन सभी की सूची तैयार कर जीर्णोद्धार की कार्ययोजना तैयार कराई जाएगी। - जयेश सिंह, खंड विकास अधिकारी निघासन, खीरी