गुरु गोविंद चौक के पास अतिक्रमण हटवाती जेसीबी। संवाद
लखीमपुर खीरी। नगर पालिका ने मंगलवार दोपहर शहर में सड़क किनारे हुए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर गुरु गोविंद सिंह चौक से विकास भवन तक दुकानों का सड़क पर फैला सामान हटवाया। अभियान शुरू होते ही कई दुकानदारों ने स्वयं सामान समेटना शुरू कर दिया।
कुछ दुकानदारों ने अतिक्रमण हटाने के लिए समय मांगा। इस पर नगर पालिका के जूनियर इंजीनियर समरा सईद ने दो दिन की मोहलत देते हुए निर्देश दिया कि दुकानें सड़क किनारे लगी होर्डिंग के एंगल की सीमा के भीतर ही संचालित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि तय समय के बाद सड़क पर सामान मिलने पर जुर्माना लगाने के साथ सामान भी जब्त किया जाएगा।
अभियान में सर्वेयर अमित सोनी, राजस्व निरीक्षक फैज, सफाई निरीक्षक विशाल शुक्ला और अभय सक्सेना मौजूद रहे। कार्रवाई के दौरान जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्रॉली और बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी तैनात रहे।