- निघासन और धौरहरा की परिर्वतन यात्रा में केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
-सपा, बसपा और कांग्रेस पर जमकर बरसे
-परिवर्तन यात्रा का जगह-जगह हुआ स्वागत
नोटबंदी के बाद अब बेमानी संपत्ति रखने वालों का नंबर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पीछे हटने वाले नहीं हैं। बेनामी संपत्ति रखने वालों पर भी कार्रवाई होगी। यह कहना है कि केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन का। उन्होंने निघासन के झंडी रोड स्थित अशोक चौधरी के प्लाट में और सिसैया (धौरहरा) के ओएनजीसी अस्पताल परिसर में यह बात कही। उन्होंने कहा कि देश में 70 सालों से अमीर और अमीर होता जा रहा है, जबकि गरीब और अधिक गरीब हो गया है।
निघासन। परिवर्तन यात्रा सभा में केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन ने कहा कि देश में तमाम अपात्रों के राशन कार्ड बनाए गए थे। जब राशन कार्ड को आधार कार्ड से जोड़ा गया तो करीब 22 लाख से अधिक राशन कार्ड फर्जी मिले। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश के सभी प्रदेशों को करोड़ों रुपये देकर भूमि की जांच कर सोइल कार्ड देने के लिए कहा था, लेकिन उत्तर प्रदेश सरकार अब तक 38 लाख रुपये तक खर्च नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से मोदी सरकार बनने के बाद पांच सौ हजार के नोटों की कद्र समाप्त हो गई है। उसी प्रकार से आने वाले समय में देश से अमीरों की कद्र भी समाप्त हो जाएगी। नोटबंदी से जो देश को फायदा मिला है। वह आने वाले बजट में जनता को जरूर दिखाई पड़ेगा। बतौर विशिष्ट अतिथि आए सांसद मोहनलालगंज कौशल किशोर ने कहा कि परिर्वतन यात्रा का मतलब सत्ता हथियाना नहीं है। देश और पूरे प्रदेश में परिवर्तन लाना है। उन्होंने सपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिंदों को मिलने वाला वजीफा सपा ने डकार लिया और मुर्दों के लिए दीवार बनाई जा रही है। सपा और बसपा पर पिछड़ों और अगड़ों की विरोधी बताया। सभा को सांसद अजय मिश्र टेनी, पूर्व सहकारिता मंत्री रामकुमार वर्मा, सांसद रेखा वर्मा, आशीष मिश्रा मोनू, अरविंद सिंह संजय आदि ने संबोधित किया। संचालन विनोद लोधी ने किया।
धौरहरा। सिसैया के ओएनजीसी अस्पताल परिसर में आयोजित सभा में केंद्रीय कृषि मंत्री ने क्षेत्र की नब्ज परखी और कहा कि माया और मुलायम ने उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार का जो कीचड़ फैलाया है, उसमें कमल खिलाने का समय आ गया है। सांसद रेखा वर्मा और अजय मिश्र टेनी ने भी सभा को संबोधित किया। सभा में सतीश शर्मा, रमेश सिंह, रेखा वर्मा, समर प्रताप सिंह, श्याम किशोर अवस्थी, अरविंद गिरि, अंकित अवस्थी, अनुपम अवस्थी आदि समर्थकों संग मौजूद रहे।
पलियाकलां। गांव बोझवा में भाजपा नेता विनीत मनार की ओर से स्वागत सभा हुई। संचालन भाजयुमो जिला मंत्री उदयवीर सिंह ने किया। इस मौके पर दीपक तलवार, सीताराम राठौर, शशिशंकर शुक्ला, सतीश चौधरी, राजीव शुक्ला, आरडी राय, प्रेम प्रकाश मौर्या आदि भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
परिवर्तन यात्रा का विश्राम खमरिया में
धौरहरा। जनसभा के बाद यात्रा खमरिया रवाना हुई। खमरिया स्थित सरस्वती शिशु मंदिर मे रात्रि विश्राम के बाद मंगलवार को यात्रा लखीमपुर विधान सभा मे प्रवेश करेगी।
ये लोग रहे मौजूद
निघासन। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष शरद बाजपेई, गोला पूर्व विधायक अरविंद गिरि, विधायक पलिया रोमी साहनी, कुंवर राजराजेश्वर सिंह, मोहम्मदी से श्याम किशोर अवस्थी, रमेश मिश्रा, श्यामू पांडे, पलिया चेयरमैन केबी गुप्ता, राजू गुप्ता, कुलभूषण सिंह, रामस्वरूप मौर्या, अनुज वर्मा, दिलीप जायसवाल, अमित वर्मा, रतीराम लोधी आदि लोग मौजूद रहे।
माला पहनाने वालों की मची होड़
निघासन। जब केंद्रीय मंत्री राधा मोहन परिवर्तन यात्रा से उतरकर मंच की ओर चले तो कार्यकर्ताओं के माला पहनाने की होड़ सी मच गई।
इन लोगों ने किया संमान
निघासन। राजराजेश्वर सिंह ने केंद्रीय मंत्री राधा मोहन और कौशल किशोर को पगड़ी पहनाई और पूर्व सहकारिता मंत्री रामकुमार वर्मा ने स्मृति चिह्न भेंट किया।
केंद्रीय मंत्री ने बुजुर्गों का किया सम्मान
निघासन। प्रसिद्ध कवि टोंडर प्रसाद गंजरहा, फुटबाल खिलाड़ी महादेव प्रसाद, अनुसूचित जनजाति की अध्यक्ष शशी सिंह, रामभूषण, नामदास, सरजू प्रसाद समेत प्रबुद्धजनों को सम्मानित किया।
टिकट दावेदारों नें दिखाई ताकत
धौरहरा। विधान सभा धौरहरा के भाजपा टिकट के दावेदारों नें परिवर्तन यात्रा के बहाने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। इनमें बसपा छोड़ भाजपा में शामिल हुए मोहम्मदी विधायक बाला प्रसाद अवस्थी, रमेश सिंह मूड़ी, विनोद धौरहरा प्रमुख रहे। परिवर्तन यात्रा जब ढखेरवा चौराहा पहुंची तो वहां अपने समर्थकों के साथ मौजूद विनोद धौरहरा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तो कफारा में अपने हजारों समर्थकों संग रमेश सिंह मूड़ी ने स्वागत किया। सिसैया बाजार में विधायक बालाप्रसाद अवस्थी ने अपनी भगवा बिग्रेड के साथ मुख्य अतिथि का स्वागत किया।